अल्मोड़ा। राजकीय जूनियर हाइस्कूल बागपाली में हुई गोष्ठी में मुख्य अतिथि दन्यां के थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोरा ने बाल मजदूरी, बाल विवाह, महिला हिंसा, महिला अपराध, भ्रूण हत्या, यातायात नियम आदि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानून का पालन सभी लोगों को करना चाहिए।
भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक शिशिर कुमार ने साइबर क्राइम और इससे बचने के उपाय बताए। वक्ताओं ने कहा कि अभिभावकों को बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को घर में पढ़ाई के लिए अच्छा वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही अच्छे संस्कार भी देने चाहिए। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में अभिभावकों को बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनना चाहिए ताकि बच्चे अपनी समस्याएं खुलकर उन्हें बता सकें। प्रधानाध्यापक योगेंद्र रावत ने स्कूल में 90 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति देने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
पूर्व में हुई निबंध प्रतियोगिता और गत वर्ष ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में अव्वल रहे बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष जगदीश बगडवाल और संचालन प्रधानाध्यापक योगेंद्र रावत ने किया। गोष्ठी में पूरन पांडे, महेश भट्ट, रेखा गड़िया, किरन ज्योति, सुषमा तिवारी, त्रिभुवन चौधरी, ललित जोशी, विजय कुमार, हरीश इमलाल, राकेश मेहरा, राजेंद्र प्रसाद, मनोज बिष्ट, दीप पांडे, जीवन जोशी, बीना, प्रकाश सिंह, शंकर राम, कैलाश राम, किशन राम आदि मौजूद थे।