नालों की गंदगी और बदबू से खगमराकोट के लोग परेशान
अल्मोड़ा। नगर से सटी ग्राम पंचायत खगमराकोट के पास से गुजरने वाले दो नालों की भारी गंदगी और तेज बदबू से स्थानीय लोग परेशान हैं। इससे भूकटाव भी हो रहा है। ग्रामीण इस मामले में कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
खगमराकोट के सरपंच सुरेंद्र लाल टम्टा ने बताया कि केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा के घर के पास यह दोनों नाले बहते हैं। मामले की जानकारी केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री को है इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों नाले पालिका क्षेत्र के अंतर्गत बहते हैं। बरसात के दिनों में शहर की सारी गंदगी नाले में आ जाती है। इससे एक तरफ गांव में भारी गंदगी एकत्रित हो जाती है वहीं कच्चे नाले की वजह से भूकटाव भी हो रहा है। नाले के पानी से गोपाल लाल टम्टा के मकान के आगे की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही बारिश से ग्रामीण चिंतित है। उन्होंने प्रशासन से कच्चे नालों के स्थान पर पक्के नालों का निर्माण कराने की मांग की है।