भर्ती के लिए गड्ढा पार करता युवक।
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के सोमनाथ मैदान में पिथौरागढ़ जिले के युवकों की सैन्य भर्ती रैली शुरू हो गई है। सोमवार को पिथौरागढ़, डीडीहाट, बेरीनाग तहसीलों के युवाओं की भर्ती हुई।
भर्ती के लिए सुबह मैदान में लगभग तीन हजार युवक पहुंच गए। ऊंचाई सहित तमाम परीक्षण के बाद 18 सौ युवकों को दौड़ने का मौका मिला। जिसमें से पांच सौ युवकों ने दौड़ की पहली बाधा पार कर ली। दौड़ में सफल युवकों की शारीरिक दक्षता परीक्षण चलता रहा।
एआरओ अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ की ओर से आयोजित सेना की इस खुली भर्ती रैली में अब पिथौरागढ़ जिले के युवकों की भर्ती रैली शुरू हो गई है। भर्ती के लिए यहां खासी संख्या में युवक पहुंचे हुए हैं।
इधर, प्रशासन द्वारा भर्ती युवकों के लिए की गई व्यवस्थाओं से युवाओं को परेशानी नहीं हो रही है। कैंट क्षेत्र में छह विद्यालयों के अलावा बारात घर को भी बुक किया गया है। वहां खाने के लिए टेंट स्वामियों को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। ठंड से बचाव के लिए अलाव आदि की भी व्यवस्था की गई है।