काफलीखान (अल्मोड़ा)। भनोली तहसील के अंतर्गत एक गांव से चोर मुर्गी फार्म से 50 मुर्गियां उड़ा ले गए। फार्म स्वामी को घटना की जानकारी दूसरे दिन सोमवार को उस समय मिली जब वह मुर्गियों को दाना देने मुर्गी फार्म गए। मुर्गी फार्म का दरवाजे का ताला टूटा था और वहां रखीं 100 मुर्गियों में से 50 मुर्गियां गायब थीं।
तहसील भनोली के अंतर्गत सनदुनाड़ (काफलीखान) निवासी नवीन चंद्र सनवाल का सनदुनाड़ में मुर्गी फार्म है। चोरों ने रविवार की रात्रि उनके मुर्गी फार्म से करीब 50 मुर्गियां चोरी कर लीं। सोमवार की सुबह नवीन सनवाल मुर्गियों को दाना देने के लिए मुर्गी फार्म गए तो वहां का नजारा देख कर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। मुर्गी फार्म के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था।
उन्होंने मुर्गियों की गिनती की तो वहां 50 मुर्गी कम मिलीं।उन्होंने बताया कि मुर्गी फार्म घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। चोरों ने बड़े शातिराना अंदाज में घटना को अंजाम दिया है घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी भी नहीं लगा था। चोर भी इस बात से वाकिफ थे। उन्होंने बेखौफ होकर चोरी को अंजाम दिया। सनवाल ने घटना की जानकारी राजस्व पुलिस को दी है।
उन्होंने चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। इधर काफलीखान इलाके में पिछले कुछ महीनों से चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। इससे पहले चोरों ने काफलीखान चौराहे में लगी सौर ऊर्जा की बैट्री चोरी कर ली थी। काफलीखान पेयजल योजना के पाइप भी चुरा लिए थे। इससे अलावा भी अन्य चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है।