अल्मोड़ा। मटेला से सर्किट हाउस टैंक को पानी की आपूर्ति करने वाली 10 इंच मोटी पाइप लाइन गत रात निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के समीप फिर फट गई। इससे सर्किट हाउस टैंक को मंगलवार को पानी सप्लाई नहीं हो सका। इस कारण खत्याड़ी समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हुई और लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा।
मटेला से सर्किट हाउस टैंक को पानी की सप्लाई करने वाली पानी की लाइन करीब तीन दशक पुरानी है। तीन दिन पहले शनिवार रात को यह पाइप लाइन विकास भवन के समीप फट गई थी। जिसे विभाग ने ठीक कराया। इसके बाद गत रात निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के समीप पाइप लाइन फिर फट गई।
सर्किट हाउस टैंक में पानी नहीं आने पर विभाग ने लाइन सर्च की। मंगलवार दिन में करीब ग्यारह बजे जानकरी मिली की निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास पाइप लाइन फटी हुई है। इस कारण दुगालखोला और खत्याड़ी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं हुई।
जल संस्थान के सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि पाइप लाइन करीब तीन दशक पुरानी है। वेल्डिंग कर पाइप लाइन ठीक कर दी गई है। शाम को मटेला से सर्किट हाउस टैंक के लिए पानी की पंपिंग शुरू हो गई है। बुधवार से पानी की आपूर्ति सुचारू हो सकेगी।