अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के नए कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने कार्यभार संभाल लिया है। वह चंपावत से स्थानांतरित होकर आए हैं। वर्मा ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से दूर करने के लिए वह खास अभियान चलाएंगे। गलत संगति में जाने वाले बच्चों पर पुलिस निगाह रखेगी और गलत आदतों को दूर करने के लिए बच्चों की काउंसलिंग भी की जाएगी। साथ ही वह यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी जोर देंगे।
कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए वर्मा ने कहा कि बच्चों में नशे की लत तेजी बढ़ रही है। इसके लिए जिले में अधिकारियों के निर्देश पर पहले से ही अभियान चल रहे हैं लेकिन वह खुद भी गलत संगति वाले बच्चों का पता लगाकर उनकी काउंसलिंग करवाएंगे। कोतवाल ने पुलिस कर्मियों के साथ बैठक करके गश्त आदि पर ध्यान देने को कहा। बता दें कि बीते दिनों एसएसपी पी रेणुकादेवी द्वारा पुराने कोतवाल चंद्र मोहन सिंह को लाइन हाजिर कर देने के बाद से कोतवाल का पद खाली था।