अल्मोड़ा। सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संघ की बैठक में वक्ताओं ने सरकार पर गल्ला विक्रेताओं के हितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गल्ला विक्रेता लगातार मानदेय देने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन शासन उनकी मांग की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने गल्ला विक्रेताओं को प्रतिमाह 20 हजार रुपये मानदेय देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पहाड़ की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पीओएस मशीन से राशन वितरण संभव नहीं है। तय हुआ कि जब तक सरकार विक्रेताओं को मानदेय स्वीकृत नहीं करती जिले का कोई भी विक्रेता पीओएस मशीन से राशन का वितरण नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि जिन गल्ला विक्रेताओं को पीओएस मशीन प्राप्त हो गई है वह मशीन से राशन वितरण न करें। बताया गया कि अग्रिम रणनीति तय करने के लिए शीघ्र एक बैठक आयोजित होगी। अध्यक्षता दिनेश गोयल ने और संचालन मनोज वर्मा ने किया। बैठक में दिनेश गोयल, मनोज वर्मा, अभय साह, हरीश चंद्र भट्ट, नारायण सिंह, विपिन तिवारी, केशर सिंह, इंदर सिंह, भूपाल सिंह, गोविंद सिंह, मोहन सिंह, देवेंद्र सिंह चौहान, भीम पवार आदि मौजूद थे।