अल्मोड़ा। सरकार के 30 से कम छात्र संख्या वाले माध्यमिक विद्यालयों के समीपस्थ विद्यालयों में विलय की तैयारी से जिले में सात राजकीय हाईस्कूलों पर तलवार लटक रही है। जिले में 97 हाईस्कूलों में 30 से कम छात्र संख्या वाले सात विद्यालय हैं। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सूची शिक्षा निदेशालय को भेज दी है।
जिले में कुल 97 राजकीय हाईस्कूल हैं। सात राजकीय हाईस्कूल ऐसे हैं जिनमें कक्षा नौ और दस में छात्र संख्या 30 से कम है। लमगड़ा विकासखंड में राजकीय हाईस्कूल चायखान ऐसा विद्यालय है। जहां हाईस्कूल कक्षाओं में एक भी छात्र नहीं है। गत दो वर्षों से इस विद्यालय में किसी भी बच्चे ने नौवीं और दसवीं कक्षा में प्रवेश नहीं लिया।
राजकीय हाईस्कूल खजुरानी (चौखुटिया) में 17 बच्चों में चार शिक्षक, राजकीय हाईस्कूल चचरोटी (स्याल्दे) में 20 बच्चों में पांच शिक्षक, देवलीबगड़ (धौलादेवी) में 29 बच्चों छह शिक्षक, हाईस्कूल खोला (धौलादेवी) में पांच बच्चों में दो शिक्षक, हाईस्कूल लिसेड़ी (स्याल्दे) में 21 विद्यार्थियों में छह शिक्षक, श्रीकोट हाईस्कूल (भिकियासैंण) में 28 बच्चों में पांच शिक्षक कार्यरत हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) एचबी चंद ने बताया कि शासन के निर्देश पर 30 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों की सूचना गत 17 जनवरी को शासन को भेज दी गई है। इस मामले में शासन स्तर से ही फैसला होना है।