अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गैरसैंण में विधानसभा सत्र का आयोजन तभी सार्थक होगा जब गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का प्रस्ताव लाया जाए। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि पार्टी स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाने और बेरोजगारों के हित में रोजगार को मौलिक अधिकार बनाने के लिए दबाव बनाएगी। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल द्वारा गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने को लेकर दिए गए बयानों का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि राज्य बनने के 17 वर्ष बाद भी स्थायी राजधानी का फैसला न होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मामले में शीघ्र केंद्र और राज्य सरकारों को ज्ञापन भेजा जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि यदि राज्य में नशाखोरी, माफियाराज, बेरोजगारी, प्राकृतिक संसाधनों की लूट जारी रही तो वित्तीय संकट खड़ा हो जाएगा। अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने और संचालन आनंदी वर्मा ने किया। बैठक में रेखा धस्माना, अनूप तिवारी, अमीनुर्रहमान, रंजना सिंह, विमला, लीला बिष्ट, गोपाल , जीवन, किरन आर्या, मो. शाकिब, अनीता बजाज, मो. शाकिब, लीला आर्या, प्रकाश आर्या, वसीम आदि मौजूद थे।