अल्मोड़ा। अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य थॉमस पीवी ने अधिकारियों को सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं में वर्ग के सभी लाभार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बैंकों अधिकारियों को भी लाभार्थियों को ऋण प्रदान करने में रुचि लेनी होगी और अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को इसका लाभ दिलाना होगा।
विकास भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग को स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। इनमें कौशल व्यवसायों में दक्षता समेत शिक्षित बेरोजगारों को अनेक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान करना शामिल है। आयोग इन वर्गों को जीवन प्रोत्साहन योजना के तहत ऋण एवं अनुदान भी उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से सभी लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बताया कि बेरोजगार लाभार्थियों को 20 हजार से 10 लाख रुपये तक के ऋण स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंकों के माध्यम से दिए जाने का प्रावधान है। प्रत्येक जिले में अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण समाज कल्याण विभाग द्वारा निशुल्क प्रदान किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ सभी लाभार्थियों को दिए जाने के निर्देश भी दिए। बैठक में समाज कल्याण अधिकारी जगमोहन सिंह कफोला, जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह, लीड बैंक अधिकारी जगदीश कुमार, युवा कल्याण अधिकारी वाईएस रावत, सुनीता मल्होत्रा, मदन लाल आदि थे।