धौलछीना (अल्मोड़ा)। पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण भैसियांछाना ब्लाक की ग्रामीण सड़कें भी बंद पड़ी हैं। जिससे ग्रामीणों को दस से बीस किमी पैदल चलना पड़ रहा है। बच्चों को भी स्कूल आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सड़क मार्ग जल्द खोलने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्गों को तो जेसीबी से खोल दिया है, लेकिन 36 किमी लंबी नैनी-सेराघाट मोटर मार्ग मलबा आने से जगह जगह बंद पड़ी है। सड़कें बंद होने से ल्वेटा, सल्यूडी, सल्लाभाटकोट, कोट्यूडा, मल्ली नाली, तल्ली नाली, कुंज किमोला खाडवे, जिंगल, तल्ला सेराघाट समेत लगभग दर्जनों गांव के लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग में कई स्थानों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण ग्रामीणों का पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है।
ग्रामीण प्रमोद पांडे ने बताया कि विभाग ने एक जेसीबी मार्ग खोलने के लिए लगाई है लेकिन कई दिनों से मशीन सल्ला भाटकोट में खराब पड़ी है। जिस कारण मार्ग नही खुल पा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क नहीं खुलने से प्रभावित गांवों में जरूरी सामान का भी टोटा हो गया है। ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष जगदीश पांडे ने प्रशासन से शीघ्र इस सड़क को खोलने की मांग की है।