भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज भिकियासैंण मे नवीन सत्र के पहले दिन प्रवेशोत्सव मनाया गया। जिसके तहत छात्राओं और शिक्षिकाओं ने बाजार में जागरूकता रैली निकाली।
विद्यालय परिसर से पूरे बाजार में छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखे पोस्टर लिए थे और उन्होंने बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ,सरकारी स्कूल में जाएंगे, घर का पैसा बचाएंगे, रहेगी मुहिम हमारी जारी, कन्या स्कूल में भेजने की करो तैयारी जैसे नारे लगाते हुए बच्चों को सरकारी स्कूलों मे दाखिला कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सरकारी स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई।
इस मौके पर डॉ. इंदिरा पांडेय, तसलीम, मीनाक्षी, हिमानी, हेमलता, दीपा, प्रेमलता, एकता, गीता, ममता,संतोष आदि मौजूद थीं। ब्यूरो