अल्मोड़ा। बृहस्पतिवार देर रात महिला अस्पताल में प्रसव के लिए आई गर्भवती के पति ने पत्नी को हल्द्वानी रेफर करने पर हंगामा खड़ा कर दिया। डॉक्टरों का आरोप है कि यह व्यक्ति गाली-गलौच पर उतर आया और धमकी देने लगा। नाराज डॉक्टरों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी और एसएसपी कार्यालय जाकर शिकायत करके इस मामले में कार्रवाई की मांग की।
बताया गया है कि बृहस्पतिवार देर रात माल गांव से गर्भवती महिला को प्रसव के लिए महिला अस्पताल लाया गया। महिला को भर्ती भी करा दिया गया था। जांच के बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मधु माथुर ने महिला को हल्द्वानी रेफर कर दिया। डॉ. माथुर का कहना था कि महिला की स्थिति असामान्य थी और यहां आपरेशन से प्रसव कराने में दिक्कत हो सकती है।
इस पर महिला का पति भड़क गया और उसने हंगामा खड़ा कर दिया। उसका कहना था कि काफी देर अस्पताल में रोकने के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। महिला अस्पताल के प्रभारी पीएमएस डॉ. दीपक गर्ब्याल ने बताया कि महिला की हालत को देखते हुए ही हल्द्वानी रेफर करना पड़ा, लेकिन उसका पति इसे लेकर अभद्रता पर उतर आया और धमकी देने लगा।
इस मामले को लेकर महिला अस्पताल के डॉॅक्टरों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी और एसएसपी कार्यालय में ज्ञापन देकर प्रसव के लिए आई महिला के पति पर गाली-गलौच और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की भी मांग की।
उधर पुलिस उपाधीक्षक कमल राम ने डॉक्टरों को आश्वस्त किया कि महिला अस्पताल में रात के वक्त समय-समय पर पुलिस गश्त कराई जाएगी। डॉक्टरों के शिष्टमंडल में प्रभारी पीएमएस डॉ. दीपक गर्ब्याल, डॉ. मधु माथुर, डॉ. पंकज माथुर आदि शामिल थे।