अल्मोड़ा। निकाय परिसीमन में पालिका में शामिल किए गए गांवों की ग्राम पंचायत विकास निधि की 27 लाख रुपये की धनराशि पालिका परिषद को मिल गई है। इस धनराशि से नवसृजित वार्ड दुगालखोला, रैलापाली के अलावा अन्य क्षेत्रों में रास्ते, नालियों का निर्माण, रेलिंग लगाने आदि कार्य किए जाएंगे।
नगर पालिका के विस्तार के बाद दुगालखोला और रैलापाली नए वार्ड बने हैं। इन वार्डों के अलावा पांडेखोला ग्रामीण, पोर्थ-थ्री सैंपल स्टेट, अथरबाड़ी, न्यूवाहक रोडवेज क्षेत्र, माला भवन, इंदिरा कालोनी खत्याड़ी, खगमराकोट, आफीसर्स कालोनी, आवास विकास कालोनी, बख, एनटीडी ग्रामीण क्षेत्र को भी पालिका परिषद में शामिल किया गया है। पूर्व में यह क्षेत्र ग्राम पंचायतें थीं। परिसीमन के बाद इन क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी पालिका परिषद की है।
नए शामिल किए गए क्षेत्रों में पथ प्रकाश, सफाई, रास्ते, पानी निकासी को नालियों आदि मूलभूत सुविधाएं जुटाई जानी हैं। नए शामिल गए गांवों और तोकों के ग्राम पंचायत विकास की निधि 27 लाख रुपये की धनराशि पालिका परिषद को मिल गई है।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने बताया कि नए शामिल गए गए क्षेत्रों में रेलिंग, रास्ते, पानी की निकासी को नालियों का निर्माण प्राथमिकता से किया जाना है। नवसृजित वार्ड दुगालखोला और रैलापाली समेत अन्य शामिल किए गए क्षेत्रों के विकास के लिए आंगणन तैयार कर बोर्ड में रखे जाएंगे। बोर्ड से प्रस्ताव पास होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर नए शामिल क्षेत्रों में विकास कार्य किए जाएंगे।