मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट विकासखंड के अंतर्गत रामनगर-मौलेखाल-डोटियाल मोटर मार्ग की हालत काफी खराब है। डामर उखड़ने से सड़क में कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है। अब तक कई दोपहिया चालक घायल हो चुके हैं।
शहीद दिवस समारोह में प्रदेश के मंत्रियों की आने की संभावना के मद्देनजर लोनिवि ने आनन-फानन में सड़क में बने गड्ढों में मिट्टी भरकर इन्हें पाट दिया है। ऐसे में सड़क दुर्घटना होने का खतरा बढ़ गया है।
रामनगर-मौलेखाल-डोटियाल मोटर मार्ग में मरचूला, मौलेखाल बाजार, नौकुचिया, जालीखान, पैंसिया और झीमार बाजारों में इस सड़क की हालत काफी खराब हो गई है। इन स्थानों पर सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। पांच सितंबर को खुमाड़ में होने वाले शहीद दिवस समारोह में प्रदेश के मंत्रियों और नेताओं के पहुंचने की संभावना है। इस कारण इन दिनों लोक निर्माण विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने सड़क में बने गड्ढों में मिट्टी डालकर इन्हें पाट दिया है। बारिश होने पर कई स्थानों पर गड्ढों में भरी मिट्टी बह गई है। कई बार बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है। इस कारण यह चालकों को दिखाई नहीं देता है। ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष गोपाल सिंह रावत ने बताया कि सड़क की स्थिति खराब होने के कारण आए दिन दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन अब तक सड़क की दशा नहीं सुधरी है।