अल्मोड़ा। दुग्ध संघ अल्मोड़ा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आंचल घी और जनता दूध के विक्रय दरों में कमी करने की घोषणा की है। जिसका लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा।
दुग्ध संघ द्वारा उत्पादित एक किलो घी की कीमत 500 रुपये थी। जिसमें 20 रुपये की कमी कर दी गई है अब घी 480 रुपये किलो की दर से उपभोक्ताओं को मिलेगा। वहीं दुग्ध संघ ने एक लीटर और आधी लीटर घी की पैकिंग के अलावा 100 मिली और 200 मिली के घी के डिब्बे बाजार में उतार दिए हैं।
जनता दूध अब तक 32 रुपये प्रति लीटर की दर से विक्रय किया जा रहा था। जिसके दाम घटाकर अब 24 रुपये प्रति लीटर कर दिए गए हैं, ताकि आंचल जनता दूध समाज के प्रत्येक वर्ग में अपनी पहुंच बना सके। घटी हुई नई दरें 15 अगस्त से प्रभावी होंगी।
छेना रबड़ी और फ्लेवर्ड मिल्क भी मिलेगा
अल्मोड़ा। दुग्ध संघ अल्मोड़ा स्वतंत्रता दिवस से उपभोक्ताओं को छेना रबड़ी और फ्लेवर्ड मिल्क भी उपलब्ध कराने जा रहा है। दुग्ध संघ अध्यक्ष कुंवर सिंह गोसाईं ने बताया कि संस्था के एटीएम वाहन और दुग्ध एजेंट से उपभोक्ता यह दोनों चीजें खरीद सकते हैं।