अल्मोड़ा। नगर निवासी ललिता वर्मा की प्रसव के दौरान सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में 16 जून 2016 को हुई मौत के मामले में नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी द्वारा अब तक मृतका के पति के बयान दर्ज नहीं किए गए हैं। इसकी शिकायत नगर व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मृतका के पति दीपक वर्मा ने गत 28 जून को जिलाधिकारी नैनीताल से की थी। जिसके बाद जिलाधिकारी नैनीताल ने नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को मृतका के पति के बयान दर्ज कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मालूम हो कि ललिता वर्मा की प्रसव के दौरान सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में 16 जून 2016 को मौत हो गई थी। इस मामले में नगर व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मृतका के पति दीपक वर्मा ने सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी के डॉक्टरों पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। उन्होंने जांच की मांग को लेकर हल्द्वानी और अल्मोड़ा में आंदोलन भी किया था। इसके बाद नैनीताल जिला प्रशासन ने मामले के मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए थे। नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी द्वारा अब तक इस मामले में मृतका के पति के बयान दर्ज नहीं किए हैं। इसकी शिकायत 28 जुलाई को दीपक वर्मा ने जिलाधिकारी नैनीताल से की थी और एकतरफा जांच करने का आरोप लगाया था।
इसके बाद जिलाधिकारी नैनीताल विनोद कुमार सुमन के निर्देश पर अपर जिला मजिस्ट्रेट ने नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को भेजे पत्र में कहा गया है कि वह मृतका के पति दीपक वर्मा के बयान दर्ज कराएं और जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी नैनीताल को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।