धौलछीना(अल्मोड़ा)। लकड़ी बीनने जंगल गई वृद्ध महिला की पांव फिसलने से पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड के ग्राम सभा बूंगा की महिला आनुली देवी (70)पत्नी नारायण सिंह शनिवार दिन में घर से लगभग 2 किमी दूर बावन के पुल के पास पालतू जानवरों को चराने और लकड़ी बीनने के लिए निकली थी।
दोपहर करीब 3 बजे के लकड़ी बीनने के दौरान महिला का पैर फिसल गया और वह पहाड़ी से लगभग 40 मीटर नीचे धौलछीना सेराघाट मोटर मार्ग पर गिर गई। महिला काफी देर तक सड़क पर तड़पती रही। इस दौरान मोटर मार्ग से गुजर रही बस के यात्रियों ने महिला को देखा तो बस में सवार सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह रावत ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
जानकारी मिलने पर परिजन दुर्घटना स्थल की तरफ पहुंचे। परिजन वृद्धा को निजी वाहन से अल्मोडा ले जाने लगे इसी दौरान बाड़ेछीना के पास वृद्धा ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है।