अल्मोड़ा। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जिले में विवेकानंद पर्यटन सर्किट को विकसित किया जाएगा। जिलाधिकारी ईवा आशीष ने बताया कि स्वामी विवेकानंद के अल्मोड़ा और समीपस्थ जिलों में प्रवासों और उनकी स्मृतियों को एक सर्किट रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि बाहर से आने वाले पर्यटक आकर्षित हो सकें। उन्होंने पुरातत्व, पर्यटन और संग्रहालय प्रभारी को 15 दिन के भीतर कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक लेते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्राथमिकता के आधार पर इस कार्य को करने के निर्देश के बाद प्रथम चरण में इसके लिए संक्षिप्त कार्य योजना तैयार की जा रही है और स्वामी विवेकानंद के अल्मोड़ा और समीपस्थ जिलों में प्रवासों और उनकी स्मृतियों को एक सर्किट रूप में विकसित किया जाएगा। जिसमें काठगोदाम रेलवे स्टेशन से विवेकानंद पर्यटन सर्किट की शुरुआत होगी।
इसके बाद काकड़ीघाट, अल्मोड़ा नगर, स्याही देवी, कसारदेवी समेत चंपावत में पड़ने वाले मायावती आश्रम इस सर्किट के अंतर्गत आएंगे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा मोरनोला में विश्राम गृह, मायावती आश्रम में ईको हट्स भी बनाए जाएंगे।
जबकि चंपावत के डयूड़ी में जिस बंगले में स्वामी विवेकानंद रहे थे उसे मेडिटेशन सेंटर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर में कसारदेवी और स्याहीदेवी में सुंदरीकरण का कार्य, बैठने की व्यवस्था होगी और थामसन हाउस को भी पर्यटकों के लिए विकसित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पर्यटकों के लिए इस सर्किट में दो से तीन टॅूर पैकेज बनाए जाएंगे। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य, प्रबंधक रामकृष्ण कुटीर सोम देवानंद, प्रभारी पुरातत्व सीएस चौहान, ज्ञान तिवारी आदि मौजूद थे।