अल्मोड़ा। बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में एडम्स स्कूल स्थित शिरडी साईं कृपा धाम में तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। शनिवार को साईं भक्तों ने नगर में छोलिया नर्तकों के बीच बाजे-गाजे के साथ पालकी शोभा यात्रा निकाली। पालकी यात्रा शिरडी साईं कृपा धाम से होते हुए मालरोड, स्टेशन होते हुए चौघानपाटा और फिर बाजार को निकली। विभिन्न बाजार होते हुए पालकी यात्रा वापस साईं मंदिर पहुंची।
इस दौरान साई भक्त भजन-कीर्तन करते हुए निकले। मालूम हो कि बसंत पंचमी के दिन ही शिरडी साईं कृपा धाम मंदिर की स्थापना हुई थी। हर वर्ष बसंत पंचमी के दिन यहां तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। तीन दिन तक भजन कीर्तन और सुंदर कांड का पाठ करने के अलावा भंडारे का भी आयोजन किया जाता है।
रविवार को भी मंदिर में सांई मूर्ति का स्नान, पूजा, आरती के बाद सुंदर कांड और भजन कीर्तन आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान भंडारा भी किया जाएगा। पालकी यात्रा के दौरान हरीश जोशी, भाष्कर साह, सुरेश जोशी, नेत्र वल्लभ खत्री, शोभा जोशी, किरन पंत, मंजु बिष्ट, मदन बिष्ट, जीवन गुप्ता, राज बिष्ट समेत काफी संख्या में भक्तजन मौजूद थे।