अल्मोड़ा। शहर में लावारिस घूम रहे कुत्तों के झुंडों से लोगों को खतरा बना हुआ है। गत दिवस कुत्तों के झुंड ने लाला बाजार के समीप एक दिव्यांग शिक्षक पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने शिक्षक को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल शिक्षक के पैर में तेरह टांके लगे हैं। इधर राजकीय शिक्षक संघ ने पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन देकर लावारिस कुत्तों से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
राजकीय इंटर कालेज अल्मोड़ा में तैनात शिक्षक गांधी जयंती की सुबह प्रभातफेरी में शामिल होने के लिए नंदादेवी परिसर जा रहे थे। लाला बाजार के समीप कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उनके पैर में कई स्थानों पर काटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया है। आसपास से गुजर रहे लोगों ने कुत्तों को भगाया।
घायल दिव्यांग शिक्षक का इसके बाद अस्पताल में उपचार कराया गया। उनके पैर में 13 टांके लगे हैं। जिसके उनका चलना फिरना भी मुश्किल हो रहा है। इधर राजकीय शिक्षक संघ राजकीय इंटर कालेज शाखा अल्मोड़ा के पदाधिकारियों ने आज पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन देकर इस पर आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि पालिका को लावारिस कुत्तों को शहर से हटाने के लिए कारगर कदम उठाने चाहिए।