अल्मोड़ा। कठपुड़िया-कुरचौन-पतलना सड़क कटान से कुरचौन ग्राम पंचयात के शिव मंदिर, भंडार कक्ष में मलबा भर गया है, वहीं मलबे से पेयजल लाइन और पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा दो नौलों में भी मलबा भर गया है। ग्रामीणों ने ज्ञापन देकर इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि लोनिवि प्रांतीय खंड द्वारा सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क के मलबे से गांव के पैदल मार्ग, दो नौले, मंदिर और रसोई भंडार कक्ष में मलबा भर गया है। इसके अलावा पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में लोनिवि के ईई को पूर्व में अवगत करा दिया गया है, लेकिन मलबा नहीं हटाया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि वह कठपुड़िया बाजार में पूर्व में दो दिन तक क्रमिक अनशन भी कर चुके हैं, पर लोनिवि उदासीन बना है।
ज्ञापन देने वालों में मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश चंद्र कांडपाल, प्रधान शांति राम, सरपंच दीप चंद्र, जगदीश चंद्र कांडपाल, चंद्रशेखर कांडपाल, खीमानंद कांडपाल आदि शामिल हैं।