एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स की टीम ने सोमवार देर रात स्मैक और इलेक्ट्रानिक तराजू के साथ एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 24 वर्षीय युवक देहरादून से होटल मैनेजमेंट का डिप्लोमा कर चुका है और हल्द्वानी से स्मैक लाकर अल्मोड़ा में छात्रों को बेचने का काम करता था। उसके पास से 3.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
उपनिरीक्षक जीवंत सामंत, अशोक कांडपाल, गौरव जोशी और कांस्टेबल खुशाल राम, संदीप पाटनी की टीम ने सोमवार देर रात लोधिया पुलिस सहायता केंद्र के पास अरविंद कुमार निवासी भ्यारखोला को इलेक्ट्रानिक तराजू और स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाल अरुण वर्मा ने बताया कि अरविंद कुमार हल्द्वानी से स्मैक लाकर अल्मोड़ा में छात्रों को पांच-पांच मिली ग्राम की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने का काम कर रहा था।
मालूम हो बीते दिन एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 05.63 ग्राम स्मैक के साथ सुनील सिंह बिष्ट निवासी न्यू इन्द्रा कॉलोनी खत्याड़ी को गिरफ्तार किया था। एक सप्ताह के भीतर स्मैक के कारोबार में लिप्त चार युवक अब तक पकड़ लिए गए हैं। कुछ दिन पहले एक युवती और युवक को स्मैक के साथ पकड़ा था।
फोटो- 25एएलएम05पी- स्मैक के साथ पकड़ा गया आरोपी।