जैंती (अल्मोड़ा)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जैंती के समीप सात जून को बिजली लाइन ठीक करने के दौरान करंट लगने से झुलसे 25 वर्षीय ठेका श्रमिक की बरेली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। परिजनों ने सोमवार को रानीबाग स्थित श्मशानघाट में मृतक की अंत्येष्टि कर दी। मृतक अविवाहित था। इधर जैंती क्षेत्र के लोगों ने श्रमिक की मौत के मामले की न्यायिक जांच की मांग उठाई है।
मालूम हो कि आंधी आने से न्याय पंचायत बक्सावड़ के गांवों की बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। सात जून को ठेकेदार के अधीन काम करने वाले प्रकाश नेगी पुत्र नाथू सिंह निवासी तालकोट उडियारी अपने दो अन्य साथियों के साथ जैंती पावर हाउस से शट डाउन लेकर जीजीआईसी जैंती के पास क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक करने के चला गया। प्रकाश नेगी लाइन ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा। जबकि दोनों साथी नीचे खड़े थे। जैंती पावर से लगभग 11:30 बजे अचानक लाइन चालू कर दी गई। लाइन ठीक कर रहा प्रकाश नेगी करंट लगने से 50 से 60 फीसदी झुलस गया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हल्द्वानी रेफर कर दिया। वहां से बरेली उपचार के लिए ले जाया गया था। सोमवार तड़के चार बजे प्रकाश नेगी ने शील अस्पताल बरेली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों ने रानीबाग श्मशान घाट में शव की अंत्येष्टि की।