अल्मोड़ा। बेस अस्पताल में पिछले काफी समय से महिला चिकित्सक के नहीं होने से प्रसव नहीं हो पा रहे हैं। इससे महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खत्याड़ी क्षेत्र के लोगों और आशा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर अस्पताल में महिला चिकित्सक की तैनाती की मांग उठाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि अस्पताल में करीब तीन माह से महिला चिकित्सक नहीं हैं। इस कारण महिला रोगियों के साथ ही गर्भवती महिलाओं को उपचार नहीं मिल पा रहा है वहीं प्रसव भी नहीं हो पा रहे हैं। महिलाओं को उपचार के लिए महिला अस्पताल अथवा निजी अस्पतालों में जाना पड़ रहा है।
उन्होंने जिलाधिकारी से जल्द बेस अस्पताल में महिला विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती करने की मांग उठाई है। ज्ञापन देने वालों में प्रधान हरीश कनवाल, पूर्व प्रधान हर्ष कनवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य आनंद सिंह कनवाल, आशा कार्यकर्ती खष्टी कनवाल, सरस्वती अधिकारी, भगवती बिष्ट, नीमा मुस्यूनी, सरस्वती नेगी, मंजू चौहान, विमला रावत, चंद्रा बिष्ट, भागा लटवाल, गीता कनवाल शामिल हैं।