अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को विकासखंड लमगड़ा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान राजकीय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के बैठने की ठीक व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम भनोली को 2014 से अब तक मिले बजट की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राचार्य को सफाई, साज-सज्जा व्यवस्था को ठीक करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व उन्होंने खंड विकास अधिकारी कार्यालय, लेखा कक्ष, मनरेगा कक्ष समेत अन्य कक्षों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को कार्यालय में पड़े पुराने उपकरणों को निष्प्रयोज्य कर नीलाम करने के निर्देश दिए। ब्लॉक परिसर के तीन भवनों का निरीक्षण कर उन्होंने खंड विकास अधिकारी को तीनों भवनों को परियोजना प्रबंधक आजीविका को हस्तांतरित करने को कहा ताकि यहां मसाला उत्पादन, बिस्कुट फैक्ट्री आदि अन्य उत्पादन केंद्र खोले जा सकें।
बाद में वह तहसील कार्यालय के निरीक्षण को पहुंचे और प्रमाण पत्रों को बनवाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ एसडीएम भनोली अवधेश कुमार, डीडीओ केके पंत, खंड विकास अधिकारी ललित कुमार, तहसीलदार प्रयाग दत्त सनवाल शामिल थे।