अल्मोड़ा। उत्तर प्रदेश के नजीवाबाद में वाल्मीकि समाज के सफाई कर्मी को चाकू मारकर घायल करने के विरोध में वाल्मीकि समाज के लोगों ने जुलूस निकाला। बाद में जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर घायल को 25 लाख रुपये मुआवजा देने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की गई।
वाल्मीकि समाज और पालिका के कर्मचारी नगरपालिका में एकत्र हुए। यहां से कलक्ट्रेट के समीप तक जुलूस निकाला। उन्होंने कहा कि गत दिवस नजीवाबाद में सफाई कर्मी वाल्मीकि समाज के युवक पर एक समुदाय के युवक ने चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्होंने मांग की कि आरोपी व्यक्ति की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा यूपी सरकार दे। अन्यथा उत्तराखंड के सभी सफाई कर्मचारी हड़ताल पर जाने को विवश होंगे।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, पर सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर पवार, जिलाध्यक्ष राजपाल पवार, सुरेश केशरी, दीपक चंदेल, सतीश कुमार, भीमा पवार, नीरज, हरि प्रसाद, दीपक कुमार, सुरेश परदेशी, दीप चंद्र, राजेश खत्री, राजेंद्र, राजेश, मुकेश, कृष्ण, दर्शन, अजय, शंकर, राजू आदि शामिल थे।