अल्मोड़ा। उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश अध्यक्ष प्रभा फर्त्याल और जिला कोषाध्यक्ष पुष्पा बिष्ट ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के नाश्ते और भोजन के लिए मिलने वाली धनराशि बाजार मूल्य के आधार पर काफी कम है।
उन्होंने धनराशि में वृद्धि करने की मांग की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूर्व में हुई वार्ता के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक यह नहीं मिला है।
उन्होंने बताया कि सप्ताह में सोमवार को अंडा करी, चावल, मंगलवार को दही झोली (कड़ी), बुधवार को न्यूट्रिला, चावल, बृहस्पतिवार को मिक्स दाल, सब्जी चावल, शुक्रवार को राजमा, चावल, शनिवार को खिचड़ी आदि व्यंजन परोसे जाते हैं। उन्होंने कहा कि नाश्ता और भोजन के लिए वर्तमान में दी जाने वाली धनराशि काफी कम है।
उन्होंने बताया कि संगठन ने सप्ताह में दिए जाने वाले भोजन के आधार पर वर्तमान बाजार मूल्यों के दृष्टिगत धनराशि का चार्ट तैयार किया है। उन्होंने अति कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराकर उनके भोजन के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी को ज्ञापन दिया है।