अल्मोड़ा। स्टार प्लस के डांस प्लस रिएलिटि के फाइनल में जगह बनाने वाले अल्मोड़ा के गौरव मनकोटी ने अब गायकी में भी जलवे बिखेरने शुरू कर दिए हैं। हाल ही में उन्होंने वाइड नाम से रैप बनाया है, जिसे जी म्यूजिक ने लांच किया है। तीन दिन के भीतर इस गाने को 60 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं। जल्द ही उनके अन्य गाने भी यू ट्यूब में आने वाले हैं।
उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी, वंदना मनकोटी के पुत्र गौरव को बचपन से ही नृत्य का शौक रहा है। पढ़ाई के साथ ही वह नृत्य की बारीकियां भी सीखते रहे। चार साल पहले स्टार प्लस के डांस प्लस ऑडिशन में निकलने के बाद उन्होंने फाइनल में जगह बनाई थी। उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पिछले साल उन्होंने मशहूर संगीतकार एआर रहमान के ताल गाने पर नृत्य किया था और उसे यू ट्यूब पर डाला। इसे 60 लाख लाइक मिल चुके हैं। इसी दौरान उन्होंने कलर्स चैनल पर आने वाले बिग बॉस शो के लिए अभिनेता सलमान खान को भी कोरियोग्राफ किया। इधर उन्होंने अब गायकी में भी जलवे बिखेरने शुरू कर दिए हैं। हाल ही में उन्होंने वाइड नाम से पहला रैप गाना तैयार किया है, जिसे उन्होंने खुद गाया। इसके बाद जी म्यूजिक कंपनी ने उनके इस वीडियो को लांच किया है। खास बात यह है कि गौरव का यह वीडियो अल्मोड़ा के बिनसर, चौकोड़ी, मुनस्यारी, नगर के खत्याड़ी क्षेत्र में शूट हुआ है। तीन दिन में इस वीडियो को 60 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं। गौरव का छोटा भाई अभय आस्ट्रेलिया में पढ़ रहा है। अभय वहां की स्थानीय फुटबाल टीम का सदस्य भी है।