अल्मोड़ा। विवाह समारोह संपन्न के बाद कतिपय होटलों और बारात घरों द्वारा बचा खाना, जूठन और गीला कूड़ा कूड़ेदानों के समीप डाल दिया जा रहा है। जिससे राहगीरों और आसपास निवास करने वाले लोगों को दुर्गंध से दिक्कतें हो रही हैं। पालिका परिषद ने ऐसे होटलों और बारातघर स्वामियों को ऐसा नहीं करने की हिदायत दी है। भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो इसके लिए पालिका शहर के करीब 50 होटलों और बारातघर स्वामियों को नोटिस जारी करने की तैयारी में है।
शहरों में निवास करने वाले लोग होटलों और बारात घरों में विवाह समारोह आयोजित करते हैं। कतिपय होटलों और बारातघरों द्वारा विवाह समारोह का बचा खाना, जूठन, गीला कूड़ा, डिस्पोजल आदि सामग्री खुलेआम आबादी क्षेत्रों में बनाए गए कूड़ेदान के समीप फेंकी जा रही है। जिससे दुर्गंध उठने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि यह कूड़ा होटलों और बारातघरों को शहर से दूर फेंकना चाहिए। होटल और बारातघर इसके लिए पैसा भी आयोजनकर्ता से लेते हैं। पालिका परिषद भी अब तक ऐसा करने वाले होटलों और बारातघरों पर अंकुश लगाने में नाकाम ही साबित रही है।
पालिका के अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर ने कहा है कि होटल और बरातघर का कूड़ा कूड़ेदानों अथवा उसके समीप नहीं डाला जाना चाहिए। जब पालिका का कूड़ा वाहन आता है तो यह कूड़ा उसमें ही डालें। उन्होंने बताया कि ऐसे होटलों और बारातघर स्वामियों को सख्त हिदायत दी जा रही है कि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति नहीं हो। शहर के सभी होटलों और बारातघर स्वामियों को इस संबंध में नोटिस जारी कर हिदायत दी जाएगी। यदि भविष्य में इस संबंध में शिकायत मिली तो पांच-पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
दुर्गंध उठने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को हो रही दिक्कतें
पालिका 50 होटलों और बारातघरों को जारी करेगी नोटिस