अल्मोड़ा। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद चुनाव कार्य में लगे वाहन ड्यूटी से मुक्त हो गए हैं लेकिन अभी भी कई वाहन लौट कर नहीं पहुंचे हैं। केमू की सेवाएं शुक्रवार से सामान्य हो गई है। केमू ने सभी रूटों पर सेवाएं शुरू कर दी हैं जबकि रोडवेज की नौ सेवाओं का संचालन ठप रहा। इस कारण यात्री परेशान रहे।
लोकसभा चुनाव कार्य के लिए प्रशासन ने वाहनों का अधिग्रहण किया गया था। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद चुनाव कार्य में लगे वाहन ड्यूटी से मुक्त हो गए लेकिन कई वाहन लौटकर नहीं पहुंचे हैं। जिससे रोडवेज की अल्मोड़ा-मासी, अल्मोड़ा-धरमघर-दिल्ली, अल्मोड़ा-अटपेसिया-दिल्ली, अल्मोड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-लखनऊ, अल्मोड़ा-बेतालघाट, अल्मोड़ा-शीतलाखेत-दिल्ली, अल्मोड़ा-लमगड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-बागेश्वर-दिल्ली आदि सेवाओं का संचालन ठप रहा।
इससे धरमघर, अटपेसिया, लखनऊ, बेतालघाट, शीतलाखेत, रानीखेत, लमगड़ा, बागेश्वर जाने वाले यात्री परेशान रहे। कई सेवाएं नहीं चलने के कारण रोडवेज डिपो को लाखों रुपये का घाटा हो रहा है। इधर केमू स्टेशन इंचार्ज बीबी चंदोला ने बताया कि शुक्रवार से सभी रूटों में केमू की सभी सेवाओं का संचालन शुरू हो गया है। इससे यात्रियों को कुछ राहत मिली है।