निर्वाचन विभाग के तमाम दावों के बावजूद भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में मतदाता सूची से सैकड़ों मतदाताओं के नाम गायब मिले। सूची में नाम न होने के कारण ये मतदाता अपना वोट नहीं डाल पाए। जबकि सूची में कई दिवंगत हो चुके लोगों के नाम शामिल थे।
अपना वोट डालने के लिए कई मतदाता बृहस्पतिवार को पोलिंग बूथ पहुंचे। लेकिन मतदाता सूची में नाम न होने के कारण उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। श्रीकोट बूथ पर 55 वर्षीय मतदाता मोहन सिंह कई सालों से मतदान करते आ रहे हैं लेकिन इस बार के लोकसभा चुनाव में उनका नाम विलोपन सूची में डाला गया है। तहसील क्षेत्र में मीना भारती, शिव सिंह, कैलाश भारती, वंदना, त्रिलोक सिंह, नंदन सिंह, गंगा देवी, दिवानी राम, ध्यान सिंह, बचू सिंह, आदिल समेत सैकड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब मिले। मतदाता सूची से नाम गायब होने से खासकर बुजुर्ग मतदाताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मोदी को दुबारा प्रधानमंत्री देखना चाहती है जनता: जीना
भिकियासैंण। सल्ट के विधायक और भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह जीना ने मतदान शांतिपूर्वक संपन्न होने पर सभी मतदाताओं का आभार जताया। मुख्य तौर पर लोगों ने भाजपा के समर्थन में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की जिसका लाभ दूरस्थ गांव की जनता तक पहुंच रहा है। केंद्र सरकार के विकास कार्यों को देखते हुए जनता फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनना देखना चाहती है। ब्यूरो