द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय खोलने मांग फिर उठने लगी है। पूर्व सैनिक संगठन की बैठक में केंद्रीय विद्यालय की आवश्यकता पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई, कहा कि अब यदि यह मांग पूरी नहीं हुई तो लोगों को एकजुट कर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग 2005 से चली आ रही है। विद्यालय की स्थापना के लिए पूर्व में बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं इंस्टीट्यूट में चार एकड़ भूमि का आवंटन भी किया गया था, अतिरिक्त भूमि के लिए बीटीकेआईटी द्वारा शासन को पत्र भी भेजे गए थे, लेकिन आज तक सार्थक कार्रवाई नहीं हो सकी है। इधर पूर्व सैनिक संगठन एक बार फिर से मुखर हो उठा है। यहां हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की नाकामी के चलते यह मांग पूरी नहीं हो सकी।
कई बार विधायक, सांसद के माध्यम से पत्र भेजे गए, पूर्व में सांसद ने समाचार पत्र के माध्यम से देघाट और द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए मानव संशाधन मंत्री द्वारा सैद्धांतिक स्वीकृति दिए जाने की बात कही थी। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि मार्च 2016 में तत्कालीन मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी से भी केवि खोलने का आग्रह किया गया था, पीएमओ को भी पत्र भेजे गए थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बैठक में शीघ्र मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष विनोद जोशी, हिम्मत सिंह, प्रवीन सिंह, मोहन चंद्र जोशी, बालम सिंह, चंपा देवी, पद्मा देवी, कमला देवी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।