अल्मोड़ा। जिले के लमगड़ा विकासखंड में क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी (बीईओ) का पद लंबे समय से खाली चल रहा है। इससे युवक एवं महिला मंगल दलों का गठन, पीआरडी जवानों की ड्यूटी निर्धारण तथा ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन में दिक्कतें आ रही हैं। पूर्ण कालिक क्षेत्रीय युवा कल्याण तथा प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी नहीं होने के कारण युवाओं को उनके लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
क्षेत्रीय युवा कल्याण तथा प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी के पास ही ग्रामीण खेल कूद प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी होती है। लमगड़ा ब्लाक में पिछले लंबे समय से क्षेत्रीय युवा कल्याण तथा प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी दिक्कतें हो रही हैं। इससे ग्रामीण खेल प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। ब्लाक में पीआरडी जवानों की ड्यूटी निर्धारण करने में दिक्कतें हो रही है। हालांकि विभाग ने दूसरे ब्लाक के बीईओ को लमगड़ा ब्लाक की जिम्मेदारी सौंपी है। एक अधिकारी के पास दो ब्लाकों का जिम्मेदारी होने से योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है।
कोट-
लमगड़ा में क्षेत्रीय युवा कल्याण तथा प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी का पद रिक्त चल रहा है। धौलादेवी ब्लाक के बीईओ अशोक कुमार को लमगड़ा का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है। खाली पदों की सूचना युवा कल्याण एवं पीआरडी निदेशालय को भेजी गई है। इन पदों पर नियुक्ति अधीनस्थ चयन आयोग के माध्यम से होती है।
डीपीएस नेगी, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी अल्मोड़ा।