अल्मोड़ा। शिक्षा विभाग के अधिकारी छात्र-छात्राओं के भविष्य के प्रति लापरवाह बने हुए हैं। जूनियर कक्षाओं छह, सात और आठ की बुधवार को हुई अर्द्धवार्षिक परीक्षा के सामाजिक विज्ञान के प्रश्न पत्र में भी पुराने पाठ्यक्रम से सवाल पूछ दिए गए। इससे छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, वहीं परीक्षाओं को संपन्न कराने में विलंब हो रहा है। शिक्षकों ने विद्यालय स्तर पर प्रश्न पत्र तैयार कर बच्चों की परीक्षा संपन्न करवाई।
शिक्षा विभाग के लिए जूनियर कक्षाओं की अर्द्ध वार्षिक परीक्षा मजाक बन कर रह गई है। आज कक्षा छह, सात और आठ की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा थी। परीक्षा का समय 9:30 बजे से 12 बजे का समय निर्धारित था। विद्यालयों में जैसे ही शिक्षकों ने प्रश्न पत्र का पैकेट खोला तो उसमें प्रश्न पुराने पाठ्यक्रम से पूछे गए थे।
शिक्षकों ने विद्यालय स्तर पर प्रश्न तैयार कर ब्लैक बोर्ड में लिखे और विद्यार्थियों ने उन्हें देखकर पेपर दिया। इससे विद्यालयों मेें परीक्षा कराने में करीब एक से डेढ़ घंटे तक विलंब हुआ। छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।