अल्मोड़ा। आवासीय विवि में अगस्त से विमानन सेवा से जुड़ा स्नातक पाठ्यक्रम शुरू हो जाएगा। कंप्यूटर विज्ञान के स्नातक और परास्नातकों के लिए अगस्त से विवि डिप्लोमा कोर्स भी शुरू करने जा रहा है। इसके अलावा स्मार्टफोन की तकनीक पर आधारित एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स भी शुरू करने की भी योजना है। डिप्लोमा कोर्स में पहले कुछ माह अध्ययन कक्षों में और उसके बाद इस क्षेत्र की कंपनियों में कार्य करवाया जाएगा। जहां छात्रों को मानदेय देने के साथ भविष्य में उसी कंपनी में नौकरी देने के भी प्रयास किए जाएंगे।
आवासीय विवि में अगस्त से विमानन सेवा से जुड़े स्नातक पाठ्यक्रम शुरू होने की तैयारी तेज हो गई है। छात्रों के प्रशिक्षण के लिए सेंटरम रिटेल सर्विसेज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सेवा प्रदाता जीएमआर समूह, सेलीबी ग्राउंड हैंडलिंग दिल्ली और लाइट बाइट फूड्स से सहमति पूर्व में ही प्राप्त हो गई थी। कोर्स उत्तीर्ण करने के बाद छात्रों को हवाई अड्डों, विमान सेवाओं और पर्यटन संस्थाओं में सेवा करने का अवसर और अच्छा मानदेय भी साथ में मिलेगा। इसके अलावा कंप्यूटर क्षेत्र में हो रहे नए आविष्कारों और प्रगतियों को देखते हुए आवासीय विवि में अगस्त से रोजगार परक डिप्लोमा कोर्स शुरू होने जा रहा है। यह कोर्स केवल विज्ञान वर्ग के स्नातक और परास्नातक छात्रों के लिए होगा। जिसमें प्रवेश लेने वाले छात्रों को इंडस्ट्री की आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।
जल्द ही आवासीय विवि स्मार्टफोन में प्रयुक्त होने वाले सिस्टम आर्किटेक्चर की कार्यविधि को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करने के लिए प्रयुक्त होने वाली तकनीक पर एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। दोनों डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रथम सेमेस्टर में तीन माह का अध्ययन कक्षों में और तीन माह का प्रशिक्षण इस क्षेत्र की कंपनियों में दिलाया जाएगा। जबकि दूसरे सेमेस्टर में दो माह कक्षाओं में और चार माह ऐसी इंडस्ट्री में प्रशिक्षण दिलाया जाएगा जहां विद्यार्थियों को मानदेय भी मिलेगा और पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद वहीं नौकरी भी मिल सकेगी।