अल्मोड़ा। नगर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और अतिक्रमण को लेकर सख्त एसएसपी पी रेणुका देवी ने शनिवार को नगर की मालरोड का खुद मौका मुआयना किया। इस दौरान गलत पार्किंग करने और यातायात अवरुद्ध होने पर नाराज एसएसपी ने गलत पार्किंग वाले सभी वाहनों का चालान करने के निर्देश दिए। यातायात पुलिस ने मौके पर ही 12 वाहनों का चालान किया।
शनिवार सुबह भ्रमण पर निकली एसएसपी को केमू स्टेशन, टैक्सी स्टैंड तिराहा, शिखर, नंदादेवी और मुख्य रोड में कई वाहन गलत ढंग से खड़े मिले, जिससे यातायात भी अवरुद्ध रहा। एसएसपी ने मौके पर मौजूद यातायात उप निरीक्षक को गलत पार्किंग वाले सभी वाहनों का चालान करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उपनिरीक्षक विजय सिंह बिष्ट ने आठ चौपहिया और चार दोपहिया वाहनों का चालान कर भविष्य में पार्किंग स्थलों में वाहन पार्क नहीं करने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की चेतावनी दी।