बागेश्वर। जिले में इन दिनों बिजली के वैक्यूम सर्किट ब्रेकर बदलने का काम चल रहा है। सोमवार को उपकेंद्र कर्मी में ब्रेकर बदलने के चलते 20 से अधिक गांवों की बत्ती सात घंटे तक गुल रही। आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कर्मी उपकेंद्र में दोपहर 12 बजे से ब्रेकर बदलने का काम शुरू हुआ। इस दौरान कर्मी, बघर, ढोक्टीगांव समेत पिंडर घाटी के वाछम, खाती, तीख, डौला, बदियाकोट, कालौ आदि गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते क्षेत्र के लघु उद्योग प्रभावित हुए। एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि जिले के सभी उपकेंद्रों में ब्रेकर बदलने की तिथि पूर्व से तय की गई है।
काफलीगैर और कौसानी में पूर्व में ब्रेकर बदले जा चुके हैं। कर्मी के बिजलीघर में चार ब्रेकर बदले गए हैं। काम पूरा होने के बाद आपूर्ति सुचारू करा दी है। ईई मो. अफजाल ने बताया कि आगामी 15 अगस्त को जिला मुख्यालय में वीसीबी ब्रेकर बदले जाएंगे। इस दौरान सुबह 10 से शाम पांच बजे तक नगर की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।