गरुड़ (बागेश्वर)। लाहुरघाटी की संचार व्यवस्था कई दिनों से बदहाल है। घाटी के ग्रामीणों को कॉल करने के लिए 20 किमी दूर वज्यूला जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने समस्या से निजात की मांग उठाई है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि लाहुरघाटी में कभी-कभी बीएसएनएल के सिग्नल मिलते हैं। घाटी के जखेड़ा, पंद्रपाली, जाख, लमचूला, भगदानू, सिमगढ़ी, हडाप, दाबू डाकघट, गनीगांव, हडबाड़, छानीसेरा, नैकाना, खुमटिया आदि गांवों के ग्रामीण फोन करने वज्यूला जाने के लिए मजबूर हैं। जखेड़ा के पूर्व प्रधान ईश्वर परिहार, लमचूला के मदन बिष्ट, चिंता राम, डीके जोशी, प्रेेमा परिहार, आनंद परिहार, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार ने बताया कि घाटी की संचार व्यवस्था को दुरुस्त करने और घाटी के ऊंचाई वाली पहाड़ियों में बीएसएनएल के टावर लगाने के संबंध में कई बार शासन प्रशासन को लिखित और मौखिक सूचित किया है। कहा कि मांग को गंभीरता से नहीं लिए जाने से घाटी के ग्रामीणों में शासन-प्रशासन के प्रति रोष है। संवाद