रानीखेत (अल्मोड़ा)। पारंपरिक नौलों और धारों के संरक्षण को लेकर न जाने कितने जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन अराजक तत्व अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहे हैं। छावनी परिषद द्वारा यहां स्प्रिंग फील्ड के पास तीन माह पूर्व जीर्णोद्धार किए गए नौले में तोड़फोड़ कर दी गई है। नौले के बगल में बनाई गई पुलिया के डंडे नौले में डाल दिए गए हैं, जबकि वहां बिछाए पटाल उखाड़कर नौले में फेंके गए हैं। इससे नागरिकों में भारी आक्रोश है।
बता दें कि छावनी परिषद ने विधायक करन माहरा की साढ़े सात लाख की निधि से तीन माह पूर्व स्प्रिंग फील्ड के पास निर्वाणा पार्क का निर्माण किया, वहां जीर्ण-शीर्ण हो चुके प्राचीन नौले का जीर्णोद्धार भी किया गया। नौला पानी से लबालब भरा हुआ है।
पेयजल किल्लत में अक्सर यही नौला लोगों की प्यास बुझाता है, लेकिन अराजक तत्वों ने नौले में तोड़फोड़ कर दी, वहां बिछाए गए पटाल उखाड़कर नौले के अंदर फेंके गए हैं, जबकि चीड़ की लकड़ी से निर्मित पुलिया के डंडे भी नौले में डाले गए हैं। छावनी परिषद के साईन बोर्डों को भी क्षति पहुंचाई गई है। छावनी परिषद के स्वच्छता निरीक्षक एपी सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वहां कर्मचारियों की टीम भेजी गई है।