अल्मोड़ा। नया शिक्षा सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। प्राथमिक से लेकर इंटमीडिएट तक सरकारी विद्यालय सुबह 7:30 बजे से अपराह्न एक बजे तक संचालित हो रहे हैं। वहीं विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी का कहना है कि यदि विद्यालयों ने एनसीईआरटी के अलावा अन्य पुस्तकें लगाईं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर के विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विवेकानंद बालिका इंटर कॉलेज विद्या मंदिर जीवनधाम में नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ अवसर पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। जिसमें प्रधानाचार्या गोदावरी चतुर्वेदी, शिक्षकों और बच्चों ने भाग लिया। इधर शहर में चहल-पहल भी बढ़ गई है। स्टेशनरी की दुकानों में कापी-किताबें खरीदने के लिए अभिभावकों और बच्चों की भीड़ लगी हुई है।
इधर मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी का कहना है कि सरकारी और निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी का पाठ्यक्रम लागू है। यदि किसी भी विद्यालय ने एनसीईआरटी के अलावा अन्य पाठ्यक्रम की पुस्तकें लागू की तो ऐसे विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र को पुस्तकें और कापियां विद्यालय से खरीदने के लिए कोई भी विद्यालय दबाव डालकर बाध्य नहीं कर सकता है। जल्द ही विद्यालयों में छापे मारे जाएंगे।