अल्मोड़ा। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को दो माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, इस कारण वह परेशान हैं। उन्होंने चार जनवरी को देहरादून में रैली निकाल कर सचिवालय का घेराव करने का एलान किया। कहा कि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 16 जनवरी से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परिवहन निगम द्वारा संचालित मार्गों पर निजी वाहन स्वामियों के लिए परमिट जारी किए जाने वाली अधिसूचना को निरस्त किया जाए। सरकार द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं की मद में चलाई जा रही योजनाओं, शासन स्तर पर उत्तराखंड परिवहन निगम की लंबित धनराशि 79.21 करोड का परिवहन निगम को भुगतान किया जाए।
कहा कि अल्मोड़ा डिपो की मासिक आय एक करोड़ बीस लाख है। इसके बावजूद निगम प्रबंधन घाटा दिखा रहा है। बताया गया कि मांगों को लेकर अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर चार जनवरी को देहरादून में रैली निकाल कर सचिवालय का घेराव करेंगे।
इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 16 जनवरी से कर्मचारी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे। सचिवालय में होने वाले प्रदर्शन में अल्मोड़ा से भी कर्मचारी हिस्सा लेंगे। अध्यक्षता डिपो अध्यक्ष गोविंद प्रसाद ने और संचालन डिपो मंत्री राम दत्त पपनै ने किया। बैठक में प्रांतीय संगठन मंत्री उमेश चंद्र भट्ट, सुरेश नेगी, रमेश जोशी, तारा जोशी, डीसी कांडपाल, राजकुमार, प्रदीप कुमार, सनी भारती, कुंदन रावत, मनोज कुमार, दीपक राम, शिवराज सिंह, सुरेश गुरुरानी, उमाशंकर, नंदकिशोर, महेंद्र लाल, धीरज सिंह, महेंद्र लाल, रोहित कुमार, आनंद प्रसाद, ईश्वर गिरि, चंदन सिंह, कैलाश नेगी आदि मौजूद थे।