अल्मोड़ा। जनता मिलन कार्यक्रम में 19 शिकायतें दर्ज हुईं। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तीन दिन के भीतर निस्तारण कर रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएं। प्रत्येक विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी जनता मिलन कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। अपरिहार्य कारणों से अगर वह उपस्थित नहीं हो पाते हैं तो अधीनस्थ अधिकारी मौजूद रहें। अन्यथा अनुपस्थित अधिकारी का स्पष्टीकरण लेकर वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने दूरस्थ तहसील भिकियासैंण, सल्ट और द्वाराहाट के लोगों की समस्याएं वीडियो कांफ्रेंसिंग से सुनीं। कृषि विक्रय केंद्र भनोली में अवैध कब्जे की शिकायत पर मुख्य कृषि अधिकारी को मौके पर जाकर स्थिति से अवगत कराने को कहा। पेंशन मामलों में समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए। ग्राम बिनै (सल्ट) में रामगंगा नदी से पेयजल पंपिंग करने, झूलते बिजली तारों और जीर्ण-शीर्ण पोलों को बदलने, पंचायत भवन, जन मिलन केंद्र और बारात बनाने, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग लोगों ने की।
द्वाराहाट नगर पंचायत से कनार गांव को अलग करने, हवालबाग ब्लॉक के घनेली गांव के लोगों ने विवाद के चलते पेयजल आपूर्ति बधित होने की शिकायत की। डीएम ने एसडीएम सदर को घनेली जाकर विवाद सुलझाने को कहा। बरसाती नाले से खत्याड़ी गांव में पानी भरने के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने समस्याएं रखीं।
इसके अलावा अल्मोड़ा-खूंट मार्ग के डामरीकरण करने, भिकियासैंण में लो-वोल्टेज समस्या से पेयजल पंपिंग नहीं होने के मामले में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीओ मयूर दीक्षित, एडीएम केएस टोलिया, एसडीएम सदर विवेक राय, डिप्टी कलेक्टर मनीष बिष्ट, एसई जल संस्थान केएस खाती, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी आदि उपस्थित थे।