अल्मोड़ा। मानसून के दौरान जुलाई से अगस्त माह के बीच वन विभाग 218 हेक्टेयर वन क्षेत्र में विभिन्न प्रजाति के करीब 85 हजार पौधरोपण करेगा। जिसकी शुरूआत हो गई है। इसके लिए 14 वन रेंजों में वन क्षेत्राधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वन विभाग के सिविल सोयम क्षेत्र में आठ और अल्मोड़ा वन प्रभाग में छह रेंज हैं। अल्मोड़ा वन प्रभाग के डीएफओ प्रवीण कुमार ने बताया कि मानसून काल में पौधरोपण को बड़े अभियान के तौर पर लिया गया है। इसमें बांज, उतीस, देवदार के अलावा चौड़ी पत्ती वाले 85,350 पौधों के अलावा झाड़ियां भी रोपी जानी है। कोसी क्षेत्र को छोड़कर जिसमें सिविल सोयम विभाग में 157.50 हेक्टेयर वन क्षेत्र में और अल्मोड़ा वन प्रभाग के अंतर्गत 60.90 हेक्टेयर वन क्षेत्र में पौधरोपण किया जा रहा है।
शहीद की याद में प्राथमिक विद्यालय खोला में लगाए पौधे
अल्मोड़ा। राजकीय प्राथमिक विद्यालय खोला में शहीद सैनिक पान सिंह गैड़ा और स्व. दीपक गैड़ा की स्मृति में पौधरोपण अभियान चलाया गया। चौड़ी पत्ती प्रजाति के बांज, उतीस, खड़क, बुरांश, रीठा, बितैन, मेहल आदि के पौधे रोपे गए। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड भी लगाए गए। अभियान में सेवानिवृत्त स्वास्थ्य पर्यवेक्षक राजेंद्र गैड़ा, प्रधानाध्यापक बसंती गैड़ा, सहायक अध्यापक गोविंद गैड़ा, प्रेम गैड़ा, खीमपाल गैड़ा, राकेश गैड़ा, प्रधान खोला दीपक गैड़ा, अमन गैड़ा, मदन गैड़ा, पूरन गैड़ा, अर्जुन गैड़ा, गोपाल गैड़ा के अलावा युवाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
हिजामं कार्यकर्ता प्रदेश में 50 हजार पौधे रोपेंगे
अल्मोड़ा। हिंदू जागरण मंच की हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि हरेला पर्व के मौके पर पूरे उत्तराखंड में मंच के कार्यकर्ता पचास हजार पौधे रोपेंगे। प्रदेश संगठन मंत्री भगवान कार्की ने कहा कि मंच पूरे उत्तराखंड में हरेला पर्व से पौधारोपण अभियान की शुरूआत करेगा। 30 जुलाई तक अभियान चलाकर 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अगस्त में अखंड भारत संकल्प दिवस पर बच्चों का सामूहिक वंदेमातरम कार्यक्रम तय किया गया है। इस मौके पर नगर अध्यक्ष दीप सुंदर बिष्ट ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए सचिन डंगवाल को नगर उपाध्यक्ष, नितिन रावत को महामंत्री, संतोष रावत को मीडिया प्रभारी घोषित किया। बैठक में प्रदेश मंत्री जगदीश जोशी, विभाग अध्यक्ष अनूप साह, जिलाध्यक्ष अभय साह, बिंदु भंडारी, अमन नज्जौन, प्रकाश बिष्ट, अभय उप्रेती, सचिन डंगवाल, नितिन रावत आदि उपस्थित थे।