अल्मोड़ा। कलक्ट्रेट में आयोजित जनता दरबार में कुल 17 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। डीएम ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि शिकायतों का निर्धारित समय के भीतर निस्तारण करें। यदि लापरवाही बरती गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों को अन्य समस्याओं को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में ग्राम बल्टा में आपदा मद से मोटर मार्ग की मरम्मत संबंधी शिकायत मिली। डीएम ने पीएमजीएसवाई के ईई को इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दूरस्थ तहसील सल्ट से अनुसूचित जाति की पुत्री विवाह के लिए अनुदान न मिलने, एक वर्ष से वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायतें मिलीं। डीएम ने समाज कल्याण अधिकारी को शाम तक शिकायतकर्ताओं को दूरभाष पर कारण बताने के निर्देश दिए। भिकियासैंण स्थित मरचूला-मानिला मोटर मार्ग में कलवर्ट, नालियों का सफाई न होने की शिकायत भी मिली। डीएम ने लोनिवि के सभी खंडों को दस दिन के भीतर सभी कलवर्ट, नालियों को खोलने के निर्देश दिए। दूरस्थ तहसीलों से विभिन्न मोटर मार्गों की सर्वे तथा टेंडर नहीं होने की शिकायतें मिलीं। डीएम ने सभी एसडीएमों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए कि जनता दरबार, तहसील दिवसों का अधिक से अधिक प्रचार करें। जनता दरबार में डीडीओ मो. असलम, प्रशिक्षु डिप्टी कलक्टर मनीष बिष्ट, एसीएमओ डॉ. एके सिंह, जल संस्थान के एसई केएस खाती आदि थे।
जनता दरबार में 17 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया
शिकायतों का निर्धारित समय पर निस्तारण न करने पर कार्रवाई होगी: ईवा