अल्मोड़ा। ब्रजेंद्र लाल शाह थियेटर सोसाइटी और दिव्यदीक्षा सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स की ओर से आयोजित दस दिवसीय रंगमंच कार्यशाला में प्रतिभागियों द्वारा प्रकृति के सुकुमार कवि सुमित्रानंदन पंत के नाटक सृष्टा का पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। कार्यशाला के समापन पर छह जून को इसका मंचन होगा। कार्यक्रम संयोजक हिमांशु कांडपाल ने बताया कि कार्यशाला में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली के रंगकर्मी नगर की प्रतिभाओं को तराशने का काम कर रहे हैं। कार्यशाला में नाटक, लोकनृत्य, लोकसंगीत से जुड़ीं बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रंगकर्मी स्व. मोहन उप्रेती की पुण्यतिथि पर कार्यशाला के समापन में छह जून को शाम चार बजे से श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब में नाटक सृष्टा का मंचन किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया। कार्यशाला निदेशक राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के अमित सक्सेना, भारतीय कथक केंद्र की दिशा उप्रेती पूर्वाभ्यास कर रहे हैं।