अल्मोड़ा। स्पोर्ट्स ताईक्वांडो एकेडमी अल्मोड़ा की ओर से दो दिवसीय 10वीं राज्य स्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता 26 मई से शिवालिक होटल परिसर में होगी। प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। प्रतियोगिता संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति गठित की गई है।
कुंदन सिंह बिष्ट आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक, कुंदन सिंह चम्याल संरक्षक, प्रदीप कुमार गुरुरानी अध्यक्ष, कपिल मल्होत्रा संयोजक, कमल कुमार बिष्ट सचिव चुने गए। आयोजन समिति के सचिव, चतुर्थ डिग्री ब्लैक बेल्ट नेशनल रेफरी कमल कुमार बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत करेंगे। विशिष्ट अतिथि डिप्टी स्पीकर रघुनाथ सिंह चौहान, पब्लिक स्कूल एजूकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी के संयोजक गिरीश शर्मा, विधायक प्रतिनिधि पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष देवाशीष नेगी होंगे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा उपाध्यक्ष पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पब्लिक स्कूल एजूकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी सचिव भावना मल्होत्रा, उपाध्यक्ष राबिया जिन्नाह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी, भाजयुमो उपाध्यक्ष कुंदन लटवाल होंगे। ताइक्वांडो एकेडमी के अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुरुरानी ने बताया कि इस दौरान उच्च श्रेणी प्रशिक्षक, रेफरी, टेक्निकल स्टाफ आदि मौजूद रहेगा। प्रतियोगिता में राज्य के सभी जिलों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। आयोजन समिति के सचिव, चतुर्थ डिग्री ब्लैक बेल्ट नेशनल रेफरी कमल कुमार बिष्ट ने कहा कि खिलाड़ी ताईक्वांडो के नियमित अभ्यास से खेलों में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सकते हैं।