अल्मोड़ा। पंतनगर शिक्षा केंद्र के द्वारा और उत्तराखंड सरकार की आशीर्वाद योजना के तहत रोजगार मेला लगाया जा रहा है। जिसमें चयन के बाद अभ्यर्थियों को अशोक लिलैंड प्लांट आटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी सिडकुल द्वारा चार वर्षीय निशुल्क डिप्लोमा भी दिया जाएगा। ट्रेनिंग के साथ-साथ बेरोजगारों को फंड भी मिलेगा। जिसके लिए लिखित परीक्षा 25 मई को निर्धारित की गई है।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी वाईएस रावत ने बताया कि लिखित परीक्षा के लिए 18 से 23 वर्ष तक के अभ्यर्थी को इंटरमीडिएट 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। परीक्षा के लिए स्थायी निवास प्रमाण पत्र और सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन प्रमाण पत्र भी लाना आवश्यक है। परीक्षा क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय में सुबह दस बजे शुरू होगी। चयनित अभ्यर्थी मैन्यूफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी में चार साल तक निशुल्क डिप्लोमा कोर्स करेंगे। ट्रेनिंग के दौरान पहले साल आठ हजार, दूसरे साल दस, तीसरे साल 12 और चौथे साल 14 हजार रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा अभ्यर्थियों को कंपनी के द्वारा यातायात, कैंटीन सुविधा, ड्रेस सुविधा भी मिलेगी।