भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय जूनियर हाइस्कूल गिवाईपानी में शिक्षकों की कमी से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन भेजकर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में कहा गया है कि स्याल्दे ब्लॉक के अंतर्गत जूनियर हाइस्कूल गिवाईपानी चार वर्षों से एकल शिक्षक के सहारे संचालित हो रहा है। यहां वर्तमान में 28 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। शिक्षकों की कमी से बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में कई ऐसे स्कूल हैं जहां छात्र संख्या दस से भी कम है, लेकिन वहां तीन-तीन शिक्षक तैनात हैं। दूसरी ओर अधिक छात्र संख्या वाले स्कूल एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं। ज्ञापन में सामाजिक कार्यकर्ता सुनील टम्टा, ग्राम प्रधान आनंद राम, अभिभावक शिक्षक संघ अध्यक्ष मना देवी, जोगा सिंह , सुल्तान सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं। ब्यूरो