अल्मोड़ा। नगर व्यापार मंडल ने शासन-प्रशासन पर अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। व्यापारियों ने पालिका को भी मानक के तहत व्यापार करने के लिए दी गई जगह को ध्यान में रखकर निष्पक्षता से कार्य करने की मांग की है। नाराज व्यापारियों ने अतिक्रमण के नाम पर अभद्रता और गलत कार्रवाई को भविष्य में बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी है।
यहां हुई बैठक में व्यापारियों ने कहा कि व्यापार मंडल हमेशा से अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन और पालिका का सहयोग करता आया है, लेकिन वर्तमान में प्रशासन और नगर पालिका द्वारा व्यापारियों के साथ अतिक्रमण के नाम पर अभद्रता और गलत कार्रवाई की जा रही है, जिसे व्यापारी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि चालान की राशि पांच सौ से दस हजार किया जाना भी कानूनन उचित नहीं है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पालिका के द्वारा ही बाजार में अतिक्रमण कराया जा रहा है और इसकी वसूली पालिका करती है। व्यापारियों ने लाला बाजार में शौचालय नहीं होने पर रोष जताया और कहा कि इससे व्यापारियों और जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, लेकिन पालिका का इस ओर ध्यान नहीं है।
एक ओर प्रधानमंत्री द्वारा पूरे भारत में शौचालय बनाए जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर पालिका द्वारा लाला बाजार स्थित शौचालय तुड़वा दिया गया है। वक्ताओं ने कहा कि नगर में लावारिस कुत्तों और बंदरों का आतंक दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है, जो पालिका को नहीं दिखाई देता है। व्यापारियों ने अतिक्रमण के नाम पर अभद्रता भविष्य में बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी भी दी। बैठक में व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दीपेश चंद्र जोशी देवा भाई, कोषाध्यक्ष विजय भट्ट, किशोरी लाल चावला, अनिल चावला, बलवीर धवन, मनोज वर्मा, मनोज पटवा, महेंद्र पालनी, अमन अंसारी, अब्दुल कलाम, बंटी कुरैशी, सोनू अंसारी आदि मौजूद थे।